सहारनपुर। भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक भैयादूज पर्व जिले भर में श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों को तिलक कर उनकी लंबी उम्र की कामना की। वहीं, भाइयों ने बहनों को उपहार व शगुन के तौर पर नकद राशि देने के साथ रक्षा करने का प्रण लिया। वहीं, ट्रेनों और बसों में मारामारी रही। सीट न मिलने पर यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ा। महानगर में कई जगहों पर जाम भी लगा। बुधवार को महानगर में भैया दूज पर्व पर सुबह सात बजे से ही सड़कों पर भीड़ दिखी। भाई और बहनें एक दूसरे के घर पहुंचे। बहनों ने भाइयों को तिलक कर उनकी लंबी उम्र की कामना की। भाइयों ने बहनों को विभिन्न प्रकार के उपहार और नकद राशि देकर उनके समृद्धि की कामना करने के साथ ही रक्षा का प्रण लिया।
वहीं, देहात क्षेत्र अंबेहटा, बड़गांव, बेहट, बिहारीगढ़, छुटमलपुर, चिलकाना, नागल, नानौता, गंगोह, गागलहेडी, नकुड़, सरसावा क्षेत्र में भी भैया दूज पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। बहनों ने भाइयों को तिलक कर उनकी दीर्घायु की कामना की, जबकि भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट किए। बसों और अन्य सवारी वाहनों में भीड़ रही।
बाजारों में रही भीड़
महानगर में कोर्ट रोड, नेहरू मार्केट, श्रीराम चौक, प्रताप मार्केट, शहीदगंज, चौकी सराय, मोरगंज, दाल मंडी पुल, हकीकतनगर और नुमाइशकैंप के बाजारों में भीड़ रही। बहनें और भाई एक-दूसरे के लिए उपहार और मिठाई खरीदते हुए नजर आए।
ट्रेनों और बसों में झेली परेशानी, छठ पर्व को लेकर भी रही भीड़
भैया दूज पर्व पर सुबह से ही रेलवे स्टेशन पर भीड़ रही। त्योहार के लिए चलाई गई स्पेशल ट्रेनों में मारामारी रही। लोगों को सीट नहीं मिली और खड़े होकर सफर करना पड़ा। भीड़ की वजह से कई लोग ट्रेन में सवार ही नहीं हो पाए। उनको दूसरी ट्रेनों का घंटों इंतजार करना पड़ा। वहीं, रोडवेज बस स्टैंड पर ही ऐसी स्थिति नजर आई। बसों में भी सीट को लेकर मारामारी रही। भैया दूज के अलावा छठ पर्व को लेकर घर लौटने वाले लोगों की भीड़ रही।
नाकाफी रहे इंतजाम, बस स्टैंड पर भरा गंदा पानी
रेलवे स्टेशन पर दरभंगा जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे संतोष पासवान ने बताया कि उनको न ही बस मिली और ट्रेन के लिए भी लंबा इंतजार कर दिक्कत झेलनी पड़ी है मुजफ्फरनगर जा रहे प्रेम कुमार ने बताया कि ट्रेनों में मारामारी की वजह से ट्रेन में सवार नहीं हो पाए। उन्हें कई घंटे दूसरी ट्रेन का इंतजार करना पड़ा। रोडवेज बस स्टैंड पर खड़े हरि कुमार भारती ने कहा कि परिवहन निगम की ओर से किए इंतजाम नाकाफी होने से परेशानी झेलनी पड़ी। देहरादून जा रहे अनुराग कौशिक ने बताया कि बस स्टैंड पर समय से बस न मिलने और गंदा पानी फैला होने की वजह से यात्रियों को दिक्कत उठानी पड़ी।
जाम में फंसकर परेशान हुए लोग
पर्व पर सड़कों पर भीड़ होने की वजह से देहरादून रोड, अंबाला रोड, जिला अस्पताल पुल, नेहरू मार्केट सहित कई इलाकों में जाम लगा रहा, जिसकी वजह से लोगों को दिक्कत उठानी पड़ी। यातायात व्यवस्था सुचारु कराने ट्रैफिक पुलिस के अलावा संबंधित थानों की पुलिस को भी मशक्कत करनी पड़ी।
जेल में हर्षोल्लास से मना पर्व, मुस्लिम बहनों ने भी किया तिलक
जिला कारागार में बंद भाइयों को तिलक करने के लिए सुबह से ही बहनों की लंबी लाइन लग गई। बहनों को भाइयों से मिलवाने के लिए जिला कारागार प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए। एक-एक कर बहनों को भाइयों से मिलवाया गया। बहनें भाइयों के लिए फल और मिठाइयां लेकर पहुंचीं। वहीं, कई मुस्लिम बहनों ने भैया दूज का पर्व मनाया। उन्होंने भी जिला कारागार में बंद भाइयों को तिलक किया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक अमिता दुबे ने बताया कि बहन और भाइयों काे मिलवाया गया। मुस्लिम बहनों ने भाइयों को तिलक कर पर्व मनाया।