सहारनपुर। संक्रमण बढ़ने पर लागू कर्फ्यू का असर कारगर नजर आया। महानगर से लेकर जिले के कस्बों में भी इसका प्रभाव दिखा। बाजार पूरी तरह बंद रहे। इसके चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि आवश्यक सेवाएं जारी रहीं।
शासन के निर्देश पर शनिवार रात आठ बजे से साप्ताहिक कोरोना कर्फ्यू लागू हो गया था। रविवार सुबह से लेकर शाम तक महानगर में घंटाघर, देहरादून चौक, अस्पताल चौक, अंबाला रोड, नेहरू मार्केट, रायवाला, शहीद गंज, प्रताप मार्केट, लोहानी सराय, मंडी समिति रोड आदि तमाम स्थानों पर बाजार बंद रहे। रेलवे स्टेशन और अन्य स्थानों पर भी सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर, अस्पताल और दुग्ध डेयरी आदि खुली रहीं।
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, एसएसपी डॉ. एस चनप्पा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एसबी सिंह, एसपी सिटी राजेश कुमार ने शहर में विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर जायजा लिया। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि शहर के तमाम व्यापारियों और नागरिकों ने कोरोना कर्फ्यू की गाइडलाइन का पालन किया और लोग बेवजह सड़कों पर नहीं निकले। आवश्यक कार्यों के लिए आने जाने पर पाबंदी नहीं रही। सोमवार सुबह सात बजे तक कोरोना कर्फ्यू प्रभावी रहेगा।
मरीज का खाना लेकर जा रहा हूं
कोरोना कर्फ्यू की गाइडलाइन का पालन कराने के लिए शहर के तमाम प्रमुख चौराहों पर पुलिस के साथ नागरिक सुरक्षा कोर के सदस्य तैनात रहे। आने जाने वालों की चेकिंग की गई। देहरादून चौक पर एक युवक बाइक से आता मिला, उसने कहा कि उसके परिवार का बच्चा अस्पताल में भर्ती है। वह तीमारदार के लिए खाना लेकर जा रहा है। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे भेज दिया।
आधी क्षमता से चलीं बसें
गाइडलाइन के मुताबिक रविवार को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों को 50 प्रतिशत यात्रियों की क्षमता के अनुसार चलाया गया। हालांकि अंबाला रोड बस अड्डे पर कुछ यात्री बस नहीं मिलने से परेशान नजर आए तो कई यात्री पैदल जाते मिले।
कोरोना कर्फ्यू के चलते वुड कार्विंग बाजार में खेलते बच्चे- फोटो : SAHARANPUR
मोरगंज में कोरोना कर्फ्यू के चलते मन्दिर से लेकर बाजार तक पसरा सन्नाटा- फोटो : SAHARANPUR