सहारनपुर। टैक्स जमा नहीं करने के आरोप में वाणिज्यकर विभाग की स्पेशल इंवेस्टिगेशन ब्यूरो (एसआईबी) की टीमों ने बृहस्पतिवार को शहर के दो प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। जिससे बाजार में हड़कंप मच गया। दोनों फर्म खल, बिनौला, पशु आहार एवं तारामीरा की खरीद फरोख्त का काम करती हैं। अभी उनके बही खातों की जांच चल रही है। सुबह से छापे की कार्रवाई चल रही है। विभाग ने अहम दस्तावेज जुटाए हैं। फिलहाल स्टॉक में कमी की बात सामने आई है। जिसका आकलन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
वाणिज्यकर विभाग की टीम ने ज्वाइंट कमिश्नर जेपीएन पटेल एवं डीवी सिंह के निर्देश पर पशु आहार का कारोबार करने वाली दो फर्मों पर छापा मारा। इनमें से एक फर्म मोरगंज में है और दूसरी मंडी में स्थित है। विभागीय सूत्रों के अनुसार दोनों फर्में काफी दिनों से टैक्स जमा नहीं कर रही हैं। दोनों फर्में ही इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के माध्यम से टैक्स एडजस्ट कर रहीं थी। जो फर्म पांच प्रतिशत से कम टैक्स जमा करती है उन्हें जांच के दायरे में ले लिया जाता है। इसके अलावा दोनों फर्मों की आपस में खरीद फरोख्त भी अधिक है। इसे सरकुलर ट्रेडिंग कहा जाता है। बताया जा रहा है कि इन फर्मों की शिकायत भी हो रही थी। इस पर वाणिज्यकर विभाग की टीमों ने बृहस्पतिवार को दोनों फर्मों पर छापा मारा। अभी इनके बही खातों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। जांच टीमों का नेतृत्व डिप्टी कमिश्नर मनोज विश्वकर्मा और अवधेश ने किया।