परीक्षा में सफलता पर खुशी मनाते छात्र-छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में आईसीएसई के बारहवीं के परीक्षा परिणाम में सहारनपुर पब्लिक स्कूल की छात्रा श्रुति कश्यप ने 90.25 फीसदी अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर जिला टॉप किया।
इसी स्कूल की छात्रा मानसी भारद्वाज ने 89.25 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा एवं अंकित गुप्ता ने 82.50 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। उधर, दसवीं के परीक्षा परिणाम में इनफेंट जीसेज स्कूल के छात्र आयुष वर्मा ने 96.6 फीसदी अंक हासिल कर जिला टॉप किया
शहर के पेपर मिल रोड स्थित सहारनपुर पब्लिक स्कूल में परीक्षा परिणाम घोषित होने से पहले ही छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में पहुंचने शुरू हो गए थे। दोपहर परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं और गुरुजनों ने एक दूसरे का मुंह मीठा कराया। शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्कूल की टॉपर श्रुति कश्यप के पिता पेट्रोल पंप पर सेल्समैन हैं।
उसने अंग्रेजी में 84, कंप्यूटर में 100, फिजिक्स में 87, केमिस्ट्री में 84, गणित में 90 अंक प्राप्त किए। श्रुति का लक्ष्य आईएएस अफसर बनने का है। श्रुति ने बताया कि एग्जाम समय में पांच से छह घंटे तक बिना ट्यूशन के पढ़ाई करके यह उपलब्धि हासिल की है।
उसने अपनी सफलता का श्रेय माता पिता और नाना, नानी को दिया। कक्षा बारह में 89.25 प्रतिशत अंकों के साथ मानसी भारद्वाज दूसरे एवं 82.50 प्रतिशत अंकों के साथ अंकित गुप्ता तीसरे स्थान पर रहे।