सहारनपुर। कांवड़ यात्रा के अंतिम दिन भारी संख्या में डाक कांवड़ की धूम रही। शिवभक्त बिना रुके और बिना थके भोले बाबा के जयघोष के साथ हाथ में गंगाजल लेकर दौड़ते हुए दिखे। वहीं, बड़ी संख्या में कांवड़िये शिवालयों में भी पहुंच गए हैं, जो मंगलवार को शिवरात्रि पर जलाभिषेक करेंगे। बोल बम, बम-बम और हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण शिवमय बना रहा। डीजे पर बज रहे भजनों कांवड़िये झूमते रहे।
सोमवार को अंबाला और देहरादून रोड पर डाक कांवड़िये भारी संख्या में दिखाई दिए। डाक कांवड़िये अलग-अलग टोलियों में नजर आए। अपनी-अपनी टोलियों के हिसाब से डाक कांवड़ियों ने एक जैसे भगवा, नीली, पीली, हरी और लाल रंग के कपड़े पहन रखे थे। ताकि डाक कांवड़ ले जाते समय एक-दूसरे को पहचान में दिक्कत न हो और वह आसानी से अपने गंतव्य की ओर बढ़ जाए। भगवान शिव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। सुबह, शाम और रात के समय कांवड़ियों की भीड़ ज्यादा दिखाई। इसके साथ ही बड़ी संख्या में कांवड़िये शिवालयों में भी पहुंच गए हैं, जो मंगलवार को शिवरात्रि पर जलाभिषेक करेंगे। डाक कांवड़ियों का सिलसिला मंगलवार की शाम तक जारी रहेगा। कांवड़ शिविरों में लगे डीजे सिस्टम पर बज रही धुनों पर कांवड़िये झूमते हुए भी नजर आए। वहीं, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह और एसएसपी विपिन टाडा ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिसकर्मियों ने की पुष्प वर्षा
घंटाघर, देहरादून चौक, थाना कुतुबशेर सहित अनेक जगहों पर पुलिसकर्मियों ने कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की। इसके साथ ही थाना कुतुबशेर सहित अनेक जगहों पर कांवड़ियों को शरबत भी बांटा गया।
शिवभक्तों के लिए पुलिस ने लगाया शिविर
श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर के पास स्थित धोबीघाट पुलिस चौकी पर कोतवाली मंडी पुलिस द्वारा कांवड़ शिविर लगाया गया, जिसमें शिव भक्तों को भोजन वितरित किया गया। इस मौके पर कांवड़ शिविर का उद्घाटन एसपी सिटी राजेश कुमार ने किया। एसपी सिटी ने कहा कि सावन मास में शिव भक्तों की सेवा करने का सौभाग्य बड़ी ही पुण्य से मिलता है। इसके साथ ही उन्होंने कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। इस दौरान सीओ प्रथम अजेन्द्र, कोतवाली मंडी इंस्पेक्टर योगेश शर्मा, थाना कुतुबशेर इंस्पेक्टर पीयूष दीक्षित, देहात कोतवाली प्रभारी मनोज चाहल, भाजपा नेता राजकुमार राजू, पार्षद ज्योति अग्रवाल, नितिन सिंघल, योगेश गोयल, नवीन गुप्ता, सर्वेश गुप्ता, मंगल, दीपक गुप्ता मौजूद रहे।
देहरादून रोड पर डाक कांवड़ लेकर भागते कांवडिये- फोटो : SAHARANPUR
आस्था और देश भक्ति : सहारनपुर में हरिद्घार से बाइक पर जल लेकर हरियाणा पंजाब की और बढ़ते शिव भक्त- फोटो : SAHARANPUR
देहरादून रोड पर डाक कांवड़ लेकर भागते कांवडिये- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर में हरिद्घार से बाइक पर जल लेकर हरियाणा पंजाब की और बढ़ते शिव भक्त- फोटो : SAHARANPUR