थाना कुतुबशेर क्षेत्र के शारदानगर में पोस्ट आफिस के पास करीब दो माह का भ्रूण मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मांस के टुकड़े के रूप में उसे जिला अस्पताल में मोर्चरी में रखवा दिया।
शारदानगर क्षेत्र के कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि पोस्ट आफिस के पास ही भ्रूण पड़ा है। थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार शर्मा ने टीम भेजी तो जांच में पता चला कि पास ही एक कूड़े के ढेर से कुत्ते मांस के टुकड़े को खींचकर लाए। यह भ्रूण करीब दो माह का माना जा रहा है।
थाना प्रभारी का कहना है कि अभी यह तो पता नहीं चला है कि यह भ्रूण यहां तक कैसे पहुंचा। आसपास कोई नर्सिंग होम भी नहीं है। इससे पहले ढमोला नदी के पास भी भ्रूण मिल चुका है। पुलिस इस मामले में भी कोई सुराग नहीं लगा पा रही थी।
शहर में सक्रिय तो नहीं कोख के कातिल
लगातार भ्रूण मिलने की घटनाओं से यह आशंका बढ़ रही है कि शहर में कहीं कोख के कातिल तो सक्रिय नहीं है। बता दें कि हरियाणा के यमुनानगर और करनाल की टीमें भी जिले में छापा मारकर लिंग परीक्षण के मामलों का खुलासा कर चुकी है। कुतुबशेर क्षेत्र में भी कुछ माह पहले एक शख्स को गिरफ्तार कर यमुनानगर ले जाया गया था।
पुलिस से संपर्क कर जांच कराएंगे : सीएमओ
भ्रूण मिलने के मामलों में पुलिस टीमों से संपर्क कर जांच की जाएगी कि कहीं इन भ्रूण मिलने के केसों में लिंग परीक्षण या गर्भपात के मामले तो जुड़े नहीं हैं।