बेहट से शाकंभरी तक मार्ग पर अत्यधिक यातायात होने के कारण जाम और हादसे की संभावना भी बनी रहती है। हालांकि लोग इस मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग काफी समय से कर रहे हैं, लेकिन अभी तक यह मार्ग फोरलेन नहीं बन सका है।
लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री बृजेश सिंह के प्रयास से इस मार्ग का चौड़ीकरण कराया जाएगा। इस मार्ग को सात मीटर से दोनों ओर डेढ़-डेढ़ मीटर बढ़ा कर दस मीटर चौड़ा किया जाएगा, साथ ही सड़क के किनारे नाले और पुलिया का भी निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 44.79 करोड़ रुपये की कार्ययोजना बनाई गई है।
विश्राम के लिए शेड्स बनाए जाएंगे
बेहट से लेकर शाकंभरी तक मार्ग पर कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए विश्राम करने के लिए शेड्स भी बनाए जाएंगे। जसमौर, प्रेम नगर आदि आबादी वाले क्षेत्रों में इस मार्ग पर दोनों ओर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का कार्य भी किया जाएगा।
बेहट से शाकंभरी तक 16 किलोमीटर मार्ग को सात मीटर से बढ़ा कर दस मीटर चौड़ा किया जाएगा। जिससे यात्रियों को आने जाने में और अधिक सुविधा मिल जाएगी, साथ ही सड़क के किनारे यात्री विश्राम के लिए शेड्स, इंटरलाकिंग का कार्य भी कराया जाएगा। इसके लिए 44.79 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जा चुका है। - धर्मेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
बेहट से शाकंभरी तक की सड़क का चौड़ीकरण कराया जाएगा, साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अन्य कार्य भी कराए जाएंगे। इसके लिए करीब 45 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पास करा कर जल्द सड़क निर्माण का कार्य कराया जाएगा। - बृजेश सिंह, लोक निर्माण विभाग राज्यमंत्री