सहारनपुर में दिनभर छाया रहा कोहरा और धूंध
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। एक ओर जहां सुबह के समय कोहरे और शीतलहर के कारण कड़ाके की सर्दी पड़ी, वहीं मंगलवार को दोपहर में हल्की धूप निकल आने से सर्दी से कुछ हद तक राहत मिली। न्यूनतम तापमान पांच और अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जनपद में 16 दिसंबर से सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है। सोमवार की रात ही मौसम में कोहरा आना शुरू हो गया था। रात 12 बजे तक सड़कें कोहरे के कारण ढक गई। इसकी वजह से हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। या तो वाहन सड़कों किनारे खड़े कर दिए गए या फिर वह कम गति से चलते नजर आए। मंगलवार की सुबह पांच बजे तक घना कोहरा बना हुआ था, लेकिन उसके बाद कोहरा ऊपर चला गया। जनपद में दोपहर 12 बजे के बाद ही कोहरा छटा, जिसके बाद हल्की धूप निकल आई। शाम चार बजे तक धूप निकलने से लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिली। अगले 24 घंटे में पाला पड़ने और दोपहर में धूप निकलने का अनुमान है।
कोहरे के कारण बढ़ा प्रदूषण
कोहरे के कारण हवा में नमी है। इसकी वजह से वाहनों और उद्योगों से निकलने वाला धुंआ और वाहनों के चलने से उड़ने वाली धूप ऊपर नहीं जा पा रही है। इसके कारण एक्यूआई लगातार घट और बढ़ रहा है। जो एक्यूआई सोमवार को 110 था, वह मंगलवार को 200 को पार कर गया। वायु में प्रदूषण का बढ़ना दिल और सांस के मरीजों के लिए अधिक खतरनाक है।