लखनौती(सहारनपुर)। कुंडा कलां गांव में यमुना नदी में नहाने गए आहद (8) पुत्र फुरकान की गहरे कुंड में डूबने से मौत हो गई। हालांकि इस दौरान उसके साथ कुंड में गिरे उसके भाई असद को मौके पर मौजूद अन्य बच्चों ने किसी तरह बचा लिया।
सोमवार दोपहर आहद अपने भाई असद और दोस्त अदनान के साथ खेलता हुआ नदी किनारे चला गया था। इसी दौरान तीनों बालक यमुना नदी में नहाने लगे। नहाते समय अचानक दोनों भाई आहद और असद का पैर नदी में बने एक गहरे कुंड में फिसल गया। मौके पर मौजूद अन्य बच्चों ने किसी तरह असद को तो बचा लिया, लेकिन आहद गहरे पानी की चपेट में चला गया। जब तक किनारे मौजूद लोग शोर सुनकर वहां पहुंचे और बालक को बाहर निकाला, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंद्रदेव चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
आहद छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। हादसे के बाद ग्रामीणों ने पुलिस के सामने विरोध जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि हरियाणा की ओर से मशीनों द्वारा किए जा रहे अवैध खनन के कारण नदी का स्वरूप बिगड़ गया है। जगह-जगह जानलेवा गहरे कुंड बन गए हैं। ग्रामीणों ने रोष जताते हुए कहा कि यह पहली घटना नहीं है, दो साल पहले भी इसी तरह दो सगे भाइयों ने अपनी जान गंवाई थी।