सहारनपुर। जनपद में मंगलवार को एसडीएम सदर के भाई सहित सात मरीजों की जान कोरोना ने ले ली। इनके साथ ही जनपद में अभी तक कोरोना से मरने वालों की संख्या 194 पर पहुंच गई है। मंगलवार को 304 लोग कोरोना संक्रमित भी मिले हैं। इनमें एयर फोर्स स्टेशन परिसर के 42 और पीएचसी मुजफ्फराबाद के 20 लोग शामिल हैं। उधर, मंगलवार को 177 मरीज ठीक हुए हैं। इनके बाद जिले में 3630 एक्टिव मरीज हो गए हैं।
मृतकों में दो की मौत वी-ब्रॉस अस्पताल में हुई है, जिनमें एक व्यक्ति एसडीएम सदर के भाई हैं। चिकित्सक ने बताया कि दोनों मरीज वेंटिलेटर पर थे, जिनका ऑक्सीजन स्तर भी काफी कम था, जिसके चलते उन्हें बचाया नहीं जा सका। इनके अलावा मरने वालों में पांच लोगों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में दम तोड़ा है। इनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। इन सभी के भी फेफड़ों में संक्रमण की वजह से ऑक्सीजन स्तर काफी नीचे चला गया था। जिसकी वजह से उनकी मौत हो गई।
उधर, मंगलवार को मिले संक्रमितों में एयर फोर्स स्टेशन परिसर सरसावा के 42 मरीजों में ज्यादातर कर्मचारियों के परिजन हैं, जिनमें दो से पांच वर्ष तक के बच्चे भी शामिल हैं। परिसर में पहले भी संक्रमित मिलते रहे हैं। पीएचसी मुजफ्फराबाद के 20 लोग संक्रमित मिले हैं। इनके अलावा नकुड़ के दस, जिला जेल के आठ, तिलफरा, हिम्मतनगर, नंदपुरी कॉलोनी के पांच-पांच, लोटनी, नानौता और नंदपुर के छह-छह मरीज, आवास विकास, खलासी लाइन, शारदानगर और स्टेट बैंक कॉलोनी के चार-चार, गंगोह, पेपर मिल रोड, नुमाइश कैंप, पंत विहार, भगत सिंह कॉलोनी, प्रेमपुरी कॉलोनी, टीचर कॉलोनी, कपिल विहार, मिशन कंपाउंड, हकीकतनगर आदि जगहों के तीन-तीन तथा मोहित विहार, नवीन नगर, औजपुरा, देवबंद आदि जगहों के दो-दो मरीज शामिल हैं। इनके अलावा पुलिस लाइन, जिला मलेरिया अधिकारी कार्यालय, पुरानी मंडी, महेशपुर, धोबीघाट, सीडकी, फिराहेड़ी, रेलवे कॉलोनी, बिहारीगढ़, शेरपुर, हाथोली, हरीपुर, जसमौर, पटनी, छुछकपुर, भोजपुर, रेलवे रोड देवबंद, साल्हापुर, सांपला, ननवाखेड़ी आदि जगहों का एक-एक व्यक्ति शामिल है।
व्यापारी की मां का देहरादून में निधन
सहारनपुर। शहर के माधवनगर निवासी व्यापारी अजय अग्रवाल की मां उर्मिला कोरोना संक्रमित थी। कई दिन तक उनका उपचार सहारनपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में चला। सोमवार को उर्मिला देवी को विकासनगर (देहरादून) के निजी अस्पताल में ले गए। वहां देर रात करीब दो बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। मंगलवार सुबह विकासनगर में ही उनका अंतिम संस्कार कराया गया।