देहात के साथ ही शहर में भी बड़ी संख्या में दुकानदार और वाणिज्य अधिष्ठान साप्ताहिक बंदी का पालन नहीं कर रहे हैं। इससे श्रमिकों का साप्ताहिक अवकाश खत्म हो रहा है, जिससे उनका मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न बढ़ रहा है। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए डीएम शफकत कमाल ने नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के लिए अलग-अलग दिन साप्ताहिक बंदी के लिए निर्धारित किया है।
बेहट, रामपुर मनिहारान, गंगोह और नागल में साप्ताहिक बंदी के लिए सोमवार का दिन निर्धारित किया गया है। इसके दायरे में सभी दुकानें और वाणिज्य प्रतिष्ठान रहेंगे। सहारनपुर नगर क्षेत्र की सभी दुकानें और वाणिज्य अधिष्ठान, कोर्ट रोड स्थित किताबों और स्टेशनरी की दुकानें तो छोड़कर बाकी सब मंगलवार को बंद रहेंगे।
कोर्ट रोड की किताबों और स्टेशनरी की दुकानें रविवार को बंद रहेंगी। शहर के शाक्ति चालक प्रतिष्ठान जैसे हौजरी उद्योग, समस्त वुडकार्विंग की दुकानें, आरा मशीनें, वाणिज्य अधिष्ठान जो शक्ति से चलते हैं, शुक्रवार को बंद रहेंगे।
तीतरो, सरसावा और अंबेहटा पीर में सभी दुकानें और वाणिज्य अधिष्ठान बुधवार, नानौता में बृहस्पतिवार, नकुड़ में शुक्रवार, गागलहेड़ी और चिलकाना में शनिवार, देवबंद में रविवार और छुटमलपुर में सोमवार को साप्ताहिक बंदी रहेगी। साप्ताहिक बंदी का पालन न करने वालों के विरुद्घ कठोर कार्रवाई करने की चेतावनी डीएम की ओर से दी गई है।