उत्तर प्रदेश भारत स्काउट गाइड की तीन दिवसीय जनपदीय रैली का शनिवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया। वक्ताओं ने रैली में सीखी गई गतिविधियों का उपयोग समाज और राष्ट्रहित में करने की अपील की।
स्थानीय एएचपी इंटर कॉलेज में जनपदीय रैली के समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक अहिबरन सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित करके किया। जिले भर के 29 कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गीत, नृत्य, झांकियां प्रस्तुत की। रैली संयोजक कॉलेज प्रधानाचार्य डा. चंद्रकेश शर्मा ने स्काउट गाइड को अपने जीवन में आदर्श विद्यार्थी बनकर देश सेवा के लिए प्रेरित किया।
रैली में ग्रामीण क्षेत्र सीनियर गाइड का प्रथम पुरस्कार राजकीय कन्या इंटर कॉलेज गागलहेड़ी, द्वितीय राजकीय कन्या इंटर कॉलेज देवला एवं तृतीय जनता इंटर कॉलेज नागल को प्रदान किया।
जूनियर गाइड का राजकीय बाघी को प्रथम पुरस्कार दिया गया। ग्रामीण क्षेत्र सीनियर स्काउट के ग्रुप में एएचपी इंटर कॉलेज छुटमलपुर प्रथम, नगर क्षेत्र सीनियर स्काउट में एसडी इंटर कॉलेज सहारनपुर को प्रथम, गाइड के लिए श्रीरामकृष्ण योगाश्रम देवबंद को प्रथम, नगर क्षेत्र जूनियर गाइड के लिए दिगंबर जैन इंटर कॉलेज सहारनपुर को प्रथम एवं नगर क्षेत्र जूनियर स्काउट में जैन इंटर कॉलेज रामपुर मनिहारान को प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया।
इसमें धर्मेंद्र कुमार, डा. अशोक राय, भूप सिंह, रामेश्वर पालीवाल, राजकुमार पुंडीर, जगमाल सिंह, संजय राठौर, ओमप्रकाश, अजय शर्मा, रजनीश, बृजेश शर्मा, सुरेंद्र मोहन शर्मा, इंदिरा राजेश, ईशा चौहान, मधू, आशुतोष बहादुर, ब्रजेश गुप्ता, घनश्याम, आबिद, सुनील दत्त, रविंद्र, सुशील रहे। संचालन स्काउट कमिश्नर अनिल भारद्वाज एवं दीपमाला चौधरी ने किया।