सहारनपुर। संस्थागत स्नातक पाठ्यक्रमों की बैक, एक्स और इंप्रूवमेंट की परीक्षा तथा सत्र 2022-23 के पहले और तीसरे सेमेस्टर की इलेक्टिव माइनर की छूटी हुई परीक्षा एवं पहले व तीसरे सेमेस्टर के कैरिकुलम परीक्षार्थियों की परीक्षाएं नौ मई से होंगी। परीक्षा फॉर्म 19 अप्रैल से मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.msuniversity.ac.in के माध्यम से भरे जाएंगे।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक अरुण कुमार यादव ने बताया कि सत्र 2021-22 के संस्थागत स्नातक राष्ट्रीय शिक्षा नीति के बीए, बीकॉम और बीएससी के छात्र चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में पंजीकृत थे। पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ही ने कराई थी और परिणाम जारी किया था। दूसरे सेमेस्टर में उक्त विद्यार्थी मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय में ट्रांसफर किए गए थे। उक्त विद्यार्थियों की दूसरे सेमेस्टर की बैक, एक्स और इंप्रूवमेंट की परीक्षाएं नौ मई से हाेंगी। साथ ही विश्वविद्यालय के सत्र 2022-23 के पहले सेमेस्टर के इलेक्टिव माइनर की छूटी हुई परीक्षा और पहले व तीसरे सेमेस्टर के कैरिकुलम परीक्षार्थियों की परीक्षाएं भी नौ मई से ही होंगी।
कुलपति प्रो. एचएस सिंह के आदेश पर उक्त परीक्षाओं के परीक्षा फॉर्म 19 अप्रैल से विश्वविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से भरे जाएंगे। इस संबंध में संबंधित महाविद्यालयों और निजी संस्थानों के प्राचार्यों और प्रबंधकों को पत्र जारी किया गया है। उनसे अपेक्षा की गई है कि वह अपने महाविद्यालयों से संबंधित विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म पूर्ण कराएं।