सहारनपुर। बाईपास बनने के बाद भी महानगर को जाम की समस्या से निजात नहीं मिल पाई है। शहर के लोग दो दशक से जाम की समस्या से जूझ रहे हैं। यातायात पुलिस भी जाम की समस्या से छुटकारे के लिए कोई ठोस प्लान नहीं बना पाई है।
दरअसल, बाईपास बनने के बाद महानगर के बीच से होकर गुजरने वाले वाहनों का भार तो कम हुआ है, लेकिन जाम से शहर को मुक्ति नहीं मिल पाई है। नगरवासियों को उम्मीद थी कि बाईपास बनने के बाद शहर जाम मुक्त हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ है। यह लोगों के लिए बड़ी परेशानी है। तमाम संगठन और व्यापार मंडल जाम की समस्या से महानगर को निजात दिलाने के लिए शासन-प्रशासन स्तर पर कई बार मांग उठा चुके हैं, लेकिन कोई प्रभावी योजना नहीं बन पाई है। किशनपुरा निवासी प्रदीप ठाकुर का कहना है कि बाईपास बनने के बाद भी लोग जाम की समस्या से जूझ रहे हैं। पुलिस-प्रशासन के पास कोई ठोस योजना नहीं है।
टूटी सड़कें भी बनी हैं वजह
महानगर के इन दिनों स्मार्ट सिटी के तहत सड़कों को खोदा गया है, लेकिन लोगों का आरोप है कि अव्यवस्थित रूप से कार्य किया जा रहा है, जिसकी वजह से लोगों को परेशान होना पड़ता और जाम भी लगता है। प्रताप मार्केट के व्यापारी संजय गुप्ता कहना है कि स्मार्ट का कार्य अव्यवस्थित रूप से हो रहा है। टूटी सड़कों की वजह से भी जाम लगता है। इसके अलावा बस अड्डे भी शहर से बाहर जाने चाहिए।
ट्रैफिक सिग्नल लगाने के बाद ही स्थिति खराब
महानगर में ट्रैफिक सिग्नल लगाए गए हैं। शहर में विश्वकर्मा चौक, देहरादून चौक, जनकपुरी चौक, नवाबगंज चौक पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए हैं। इनमें अभी देहरादून चौक के ट्रैफिक सिग्नल को ही चालू किया गया है। अन्य जगहों पर ट्रैफिक सिग्नल अव्यवस्थित रूप से लगे हैं। जिला अस्पताल पुल की ढलान पर विश्वकर्मा चौक पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए गए, जहां पर वाहनों रोकना मुश्किल है। नवाबगंज चौक पर भी वाहनों के रुकने की जगह नहीं है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत ट्रैफिक सिग्नल लगाए गए थे, लेकिन इसमें यातायात पुलिस की सलाह नहीं ली गई। बोमंजी रोड निवासी रोहन राजपाल और दवा कारोबारी नीरज कामरा कहना है कि पहले भी ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाने की योजना फेल हो चुकी है, लेकिन जाम से जनता को निजात नहीं मिल सकी है। इसलिए ठोस योजना बननी चाहिए।
शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाई जाएगी। इसके लिए यातायात पुलिस ने प्लान तैयार किया है। फिलहाल शहर में स्मार्ट सिटी के कार्यों की वजह से सड़कें टूटी पड़ी हैं। इस वजह से भी जाम लगता है।सिद्धार्थ वर्मा, एसपी ट्रैफिक