सहारनपुर। नगर निकाय चुनाव के नामांकन पत्र जमा करने के आखिरी दिन कलक्ट्रेट में महापौर और पार्षद पद के प्रत्याशियों की भीड़ रही। इसको लेकर पुलिस ने चौकस रही। प्रत्याशियों के साथ चार-चार लोगों को नामांकन कक्ष में जाने दिया।
सोमवार को महापौर व पार्षद पद के सभी राजनीतिक दलों, निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसको लेकर कलक्ट्रेट में राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं की भीड़ रही। कलक्ट्रेट के मुख्य द्वार पुलिस के साथ पीएसी भी तैनात रही। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने भी सुरक्षा जायजा लिया और वह खुद मुख्य द्वार पर मौजूद रहे। लोगों को चेक करने के बाद ही अंदर आने दिया। नामांकन कक्ष में प्रत्याशी के साथ चार-चार लोगों को ही अंदर जाने दिया गया।
वहीं, जिले भर में नगर पंचायतों और नगर पालिका प्रत्याशियों ने भी नामांकन किया। नामांकन स्थलों पर पुलिस की सुरक्षा चाकचौबंद रही। एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा का कहना है कि पूरे जिले में पुलिस सतर्क है। चुनाव को लेकर पुलिस पूरी तरह चौकस है।