सहारनपुर। जिले में कोरोना से एक और मौत हुई है। पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं चिकित्सा विभाग और प्रशासन टेंशन में है।
चंद्रनगर निवासी राजकुमार जैन (65) की कोरोना जांच रिपोर्ट चार जुलाई को पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया था। बताया गया है कि राजकुमार जैन शुगर और बीपी के मरीज थे, जो संपर्क में आने की वजह से संक्रमित हुए। कोविड अस्पताल में इलाज के दौरान बृहस्पतिवार की सुबह राजकुमार जैन की मौत हो गई। मौत से परिवार में कोहराम मच गया, चूंकि मौत कोरोना की वजह से हुई है। ऐसे में शव परिजनों को नहीं सौंपा गया है। कोविड-19 के नियमों के अनुसार शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। मौत के बाद चिकित्सा विभाग में हड़कंप की स्थिति है। सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी ने राजकुमार जैन की कोरोना से मौत की पुष्टि की है।
इलाज में लापरवाही के चलते गई जान : विधायक
सहारनपुर। सपा के नगर विधायक संजय गर्ग ने राजकुमार जैन की मौत के लिए लचर व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने विभाग और डॉक्टरों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
विधायक ने बताया कि तीन दिन पूर्व राजकुमार जैन की पत्नी निशि जैन ने उन्हें फोन पर कोविड अस्पताल में सही देखरेख नहीं होने की शिकायत की थी। इस पर उन्होंने सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी और मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों से बात की थी। बार-बार कहने के बावजूद मरीज को सही इलाज नहीं दिया गया। इसे लेकर डॉक्टरों से बहस भी हुई, जिसके बाद वह मरीज को आईसीयू में शिफ्ट करने को राजी हुए। आक्सीजन देने की बात कही गई तो डॉक्टरों ने बताया कि आक्सीमीटर खराब है। कहीं ना कहीं बड़ी लापरवाही चल रही है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। मृतक राजकुमार जैन की पत्नी निशि जैन ने पूरे प्रकरण में कुछ दिन बाद बात करने की बात कही। उधर, सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी का कहना है कि नगर विधायक के फोन के बाद उन्होंने कई बार मेडिकल कॉलेज में फोन किए। मरीज के इलाज में लापरवाही रही है या नहीं। यह जांच का विषय है।
चन्द्र नगर जैन मन्दिर वाली गली में बना हॉटस्पॉट- फोटो : SAHARANPUR