छुटमलपुर। एसडीएम बेहट मानवेंद्र सिंह ने शुक्रवार को कस्बे के देहरादून रोड स्थित नमिशा अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापा मारकर वहां गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रेडियोलाॅजिस्ट और टेक्नीशियन नहीं मिला। डाॅक्टर के फर्जी हस्ताक्षर कर रिपोर्ट तैयार की जा रही थी। एसडीएम की रिपोर्ट पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सेंटर को सील कर दिया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एसडीएम बेहट मानवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ नमिशा अल्ट्रासाउंड सेंटर पर पहुंचे। उन्होंने केंद्र संचालक से चिकित्सक और टेक्नीशियन के बारे में पूछा तो वह कोई उत्तर नहीं दे सकी। जांच के दौरान उन्होंने पाया कि एक महिला द्वारा रोगियों के अल्ट्रासाउंड किए जा रहे हैं, जिसके पास कोई डिग्री नहीं थी। इसके बाद उन्होंने अल्ट्रासाउंड कराने के बाद रिपोर्ट की इंतजार में बैठे रोगियों के बयान दर्ज किए, जिन्होंने बताया कि उक्त महिला द्वारा ही उनके अल्ट्रासाउंड किए गए हैं तथा वही रिपोर्ट बना कर दे रही है।
इसके बाद एसडीएम ने जिन लोगों के अल्ट्रासाउंड नहीं हुए थे उनके द्वारा जमा कराई गई फीस वापस कराई। करीब एक घंटे तक एसडीएम ने अभिलेखों की जांच पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट फोन पर डीएम मनीष बंसल को दी। डीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के एसीएमओ डाॅ. राकेश चंद्रा सीएचसी इंचार्ज डाॅ. मुकेश कुमार के साथ केंद्र पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने सेंटर को सील करने की प्रक्रिया संपन्न कराई।
कोई रेडियोलॉजिस्ट और टेक्नीशियन नहीं मिला। बिना डॉक्टर के ही अल्ट्रासाउंड किए जा रहे थे और डॉक्टर के फर्जी हस्ताक्षर कर रिपोर्ट जारी की जा रही थी। सेंटर को सील करा दिया गया है। अग्रिम कार्रवाई के लिए रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी गई है।
- मानवेंद्र सिंह, एसडीएम बेहट