सहारनपुर। जिला पंचायत की मेला समिति की बैठक में मां शाकंभरी देवी मेले के लिए 1.93 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया। मेले की निगरानी के लिए 80 सीसीटीवी और तीन कंट्राेल रूम बनाए जाएंगे।
शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में हुई बैठक में मां शाकंम्भरी देवी मेले के लिए बजट स्वीकृत हुआ। इसमें बैरिकेडिंग, अस्थायी शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल सप्लाई, 80 सीसीटीवी, ड्रोन कैमरा, तीन कंट्रोल रूम, सफाई व्यवस्था सहित अन्य सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा लेटकर मां शाकंभरी देवी मंदिर तक जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भूरादेव से मंदिर तक कारपेट बिछाए जाएंगे। अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी मांगेराम, और संचालन अपर मुख्य अधिकारी उपेंद्र कुमार ने किया। इस दौरान अभियंता आदेश कुमार, वित्तीय परामर्शदाता इंद्रेश कुमार, प्रभागीय वन अधिकारी श्वेता सेन, जिला पंचायत सदस्य हंसराज गौतम, बिजेंद्र कश्यप, बिजेंद्र कुमार, ब्लाक प्रमुख विश्वास चौधरी, आदित्य राणा आदि मौजूद रहे।