गंगोह (सहारनपुर)। गांव बीराखेड़ी में राशन वितरण कर रहे डीलर पर गांव धलापड़ा के ग्रामीणों ने घटतौली का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इस दौरान तौल कांटे को लेकर ग्रामीणों व राशन डीलर में काफी खींचतान भी हुई। मामले का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। ग्रामीणों व डीलर ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
गांव धलापड़ा की राशन की दुकान बीराखेड़ी में अटैच चल रही है। सोमवार को धलापड़ा निवासी कुछ ग्रामीण बीराखेड़ी में राशन डीलर के यहां अपना राशन लेने के लिए गए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि राशन डीलर द्वारा तौल कांटे में गड़बड़ी कर घटतौली की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पास में ही स्थित एक परचून की दुकान से तौल कांटा लाकर डीलर के सामने ही जब उक्त राशन को दोबारा तौला गया तो वह करीब तीन किलो कम हुआ। ग्रामीणों ने डीलर का तौल कांटा उठाने का प्रयास किया, लेकिन डीलर ने कांटा नहीं ले जाने दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने काफी हंगामा किया। इस पूरे मामले का वीडियो क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इल्यास, इंसार गय्यूर, नवाब, कंवर अली, प्रवेज आदि ग्रामीणों ने डीलर के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। उधर, डीलर ओम सिंह ने भी कोतवाली में तहरीर देकर गांव धलापड़ा निवासी दो व्यक्तियों पर तौल कांटा तोड़ने और नकदी उठा कर ले जाने का आरोप लगाया है। पूर्ति निरीक्षक हृदयेश कुमार का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में है तथा जांच कर कार्रवाई की जाएगी।