देवबंद में कुटी रोड पर स्क्रेप के गोदाम में दहकती आग
- फोटो : DEVBAND
देवबंद। मोहल्ला कुटी रोड पर एक स्क्रैप के गोदाम में भीषण आग गई। बताया जाता है कि आग शार्ट सर्किट की वजह से लगी है। गर्मी का मौसम होने के चलते धीरे-धीरे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जिस पर काबू करने के लिए दमकलकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
मोहल्ला पठानपुरा निवासी मकसूद व अब्दुल्ला जलील ने हाईवे स्थित कुटी रोड पर स्क्रैप का गोदाम बनाया हुआ है। बृहस्पतिवार की सुबह गोदाम में अचानक आग गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देख आसपास रहने वाले लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों से जानकारी मिलने पर गोदाम स्वामी वहां पहुंचे और लोगों की मद्द से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन प्लास्टिक आदि होने के चलते आग बढ़ चुकी थी। सूचना पर दमकलकर्मी वहां पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन दमकल की एक ही गाड़ी होने के चलते वह सफल नहीं हुए। इस बीच पानी भी खत्म हो गया। जिसके बाद पास से गुजर रहे नाले से दमकलकर्मियों ने पानी आदि की व्यवस्था की, लेकिन वह भी काम नहीं आ सकी। इस बीच पालिका से पानी से भरे दो टैंकर भी मंगाए गए, मगर आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। जानकारी मिलने पर एसडीएम देवेंद्र पांडेय व सीओ चौब सिंह मौके पर पहुंचे और सहारनपुर से दमकल की गाड़ी को बुलाया गया। घंटों बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान उक्त गोदाम की बराबर में एक चोकर का गोदाम भी आग की चपेट में आने से बच गया। अधिकारियों ने आनन-फानन में गोदाम में खड़ी कार को बाहर निकलवाया। गोदाम स्वामी मकसूद का आरोप है कि गोदाम के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन से शार्ट सर्किट हुआ जिसकी वजह से आग लगी है। जिससे उसका करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
गोदाम में नहीं है आग बुझाने के संसाधन, रिपोर्ट मांगी: एसडीएम
एसडीएम देवेंद्र पांडेय ने बताया कि जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंच निरीक्षण किया गया। वहां गोदाम के ऊपर से कोई विद्युत लाइन नहीं गुजर रही है। गोदाम में आग बुझाने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। इसलिए गोदाम स्वामी विद्युत तार ऊपर से गुजरने की बात कर रहा है। सीओ को रिपोर्ट भेजने के लिए कहा गया है।