गागलहेड़ी। मैक्स गाडी की टक्कर से शादी से वापस लौट रहे स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए जिनमें से एक की जिला अस्पताल में मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों ने मैक्स गाड़ी के चालक के साथ मारपीट करते हुए उसे पुलिस को सौंप दिया।
थाना क्षेत्र के गांव ढाला माजरा में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होकर सहारनपुर गढ़ीमलूक गली नंबर एक थाना नगर कोतवाली निवासी दीपक 22 पुत्र अशोक अपने साथी सागर के साथ घर लौट रहा था। शाम के वक्त जैसे ही ये भगवानपुर रोड स्थित हरियाबांस गांव के निकट पहुंचे तो इनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर सामने से आ रही महेंद्रा मैक्स गाड़ी से जा टकराई। हादसे में गंभीर दीपक और सागर को राहगीरों ने जिला अस्पताल भर्ती कराया। जहां दीपक की मौत हो गई जबकि सागर का उपचार किया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चौकी स्टॉफ को दुर्घटना की जानकारी देने के बाद भी आधे घंटे तक चौकी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान कुछ युवकों ने महेंद्रा मेक्स चालक के साथ मारपीट भी की। स्कूटी सवार युवकों ने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था। उधर कार्यवाहक थानाध्यक्ष अनिल कुमार तेवतिया ने बताया कि पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा रही है और गाड़ी को चालक सहित कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।