नकुड़। जुगाड़ वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें से एक ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव जैनपुर निवासी सुहैल (23) पुत्र अरविंद व जैकी पुत्र सुरेश बाइक पर सरसावा किसी काम से जा रहे थे। बुधवार देर शाम नकुड़-सरसावा रोड पर साल्हापुर गांव के पास अचानक ईंट के भट्टे से जुगाड़ वाहन सड़क पर आ गया। इससे बाइक की जुगाड़ वाहन से टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए। सीएचसी से चिकित्सकों ने घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां पर सुहैल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। तीन भाइयों में सबसे बड़ा सुहैल मजदूरी करता था। कोतवाली प्रभारी अमरपाल शर्मा ने बताया कि प्रकरण में तहरीर नहीं आई है। वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।