सहारनपुर। परिषदीय विद्यालयों में सोमवार से नया शैक्षिक सत्र शुरू हो गया। पहले दिन शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को नई किताबों का वितरण किया गया। किताबें पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। इसके अलावा नामांकन बढ़ाने के लिए विद्यार्थियों द्वारा जन जागरुकता रैलियां भी निकाली गईं। खास बात यह है कि पहले ही दिन छात्रों की 60 से 70 फीसदी उपस्थिति रही।
जनपद में 1,438 परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं, जिनमें करीब दो लाख विद्यार्थी पंजीकृत हैं। बीते सत्र में 2.22 लाख विद्यार्थी थे, जिनमें से आठवीं के छात्र उत्तीर्ण कर गए हैं, जबकि पहली कक्षा में नामांकन सोमवार ही से शुरू हुए हैं। सत्र के पहले दिन किताबों के वितरण की शुरुआत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ.विनीता के द्वारा की गई। उन्होंने नुमाइश कैंप स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को निशुल्क पुस्तकों का वितरण किया। डॉ. विनीता ने किताबों को सबसे अच्छा दोस्त बाते हुए विद्यार्थियों को किताबें पढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर कृपाल मलिक, वैभव जैमिनी, प्रकाश, मदन आदि मौजूद रहे।
उधर, प्राथमिक विद्यालय सतीवाला सहित जनपद के लगभग सभी विद्यालयों में किताबों का वितरण किया गया। प्राथमिक विद्यालय चक हरेटी में प्रधानाध्यापक मुनव्वर अली के निर्देशन में विद्यार्थियों द्वारा नामांकन बढ़ाने के लिए जन जागरुकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थी हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर नारे लगाते चल रहे थे। उन्होंने तीन से छह वर्ष के बच्चों का नामांकन आंगनबाड़ी केंद्रों तथा उससे ऊपर 14 वर्ष की आयु तक के बच्चों का परिषदीय विद्यालयों में नामांकन कराने की अपील की।
परिषदीय विद्यालयों में नए शैक्षिक सत्र की शुरूआत सोमवार से हो गई है। पहले दिन पुस्तकों का वितरण किया गया है। शिक्षकों को नामांकन बढ़ाने और नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
- डॉ. विनीता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी