सहारनपुर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सामान्य प्रेक्षक संकेत एस भोंडवे और पुलिस प्रेक्षक राजेंद प्रसाद मीणा ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
सामान्य प्रेक्षक ने निर्देश दिए कि किसी भी प्रत्याशी या उनके समर्थकों द्वारा किसी अन्य प्रत्याशी के बारे में झूठी, भ्रामक, दुर्भावनापूर्ण सूचनाएं प्रसारित न की जाएं। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने प्रेक्षक को बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा निर्वाचन के लिए प्रत्याशी को नामांकन से लेकर मतगणना तक सम्पूर्ण निर्वाचन के लिए 95 लाख की अधिकतम व्यय सीमा निर्धारित की गई है। पुलिस प्रेक्षक राजेंद्र प्रसाद मीणा ने कहा कि पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था और आदर्श आधार संहिता के उल्लंघन पर निगाह रखी जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताड़ा, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. अर्चना द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
111 गैरहाजिर कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई की तैयारी
सहारनपुर। मुख्य विकास अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी मतदान कार्मिक सुमित राजेश महाजन ने बताया कि लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2024 को सुचारू रूप से कराने के लिए पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी प्रथम प्रशिक्षण में अनुपस्थित पाए जाने के बाद पुन: प्रशिक्षण कराया गया है। जिसमें 64 पीठासीन अधिकारी, 47 मतदान अधिकारी प्रथम कुल 111 कार्मिक अनुपस्थित पाए गए। सभी अनुपस्थित कार्मिकेां के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराते हुए दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।