गांधी पार्क स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में पढाई करते छात्र छात्राएं
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। गर्मियों की 26 दिन की छुट्टियों के बाद बृहस्पतिवार से विद्यालय तो खुल गए, लेकिन रौनक नहीं दिखी। पहला दिन होने और सुबह के समय हल्की बूंदाबांदी होने की वजह से विद्यालयों में छात्र बेहद कम संख्या में पहुंचे। कुछ विद्यालयों में उपस्थिति ना के बराबर रही। ऐसे में शिक्षकों ने पहला दिन अन्य कार्यों में गुजारा।
परिषदीय विद्यालयों में 20 मई से गर्मियों की छुट्टियां चल रही थीं, जो 15 जून तक थी। 16 जून से विद्यालय प्रात: 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक पूरी तैयारी के साथ खोलने के आदेश दिए गए। पहले दिन स्कूलों में विद्यार्थी गिने चुने ही पहुंचे। बेहट अड्डा स्थित पटेल मिल विद्यालय में पंजीकृत 274 छात्रों में से मात्र चार छात्र आए जो पूरी तैयारी के साथ नहीं पहुंचे थे। यहां प्रधानाध्यापक शकील ने बच्चों को घर भेजते हुए शुक्रवार से पूरी तैयारी के साथ आने की सलाह दी। गांधी पार्क स्थित विद्यालय में पांच ही छात्र पहुंचे थे। शिक्षकों ने उन्हीं के साथ दोपहर 12:30 बजे तक का समय गुजारा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में संचालित उच्च प्राथमिक विद्यालय में भी गिने चुने ही छात्र पहुंचे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीष कुमार ने बताया कि पहला दिन होने और बारिश होने की वजह से छात्र कम संख्या में पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में विद्यालयों के औचक निरीक्षण शुरू हो रहे हैं। शिक्षकों को चाहिए कि वह किसी प्रकार की कमी ना छोड़ें और पहले की तरह बच्चों को पूरे मनोयोग से पढ़ाते हुए अपने काम को अंजाम दें।
रामनगर स्थित प्राथमिक विद्यालय में पढाई करते छात्र छात्राएं- फोटो : SAHARANPUR