-मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ ने समस्याओं के निस्तारण के लिए ज्ञापन सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। विद्यालयों की विभिन्न समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ के पदाधिकारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मिले। उन्होंने ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक मलिक ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता को बताया कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत मान्यता प्राप्त विद्यालय दुर्बल वर्ग के बच्चों को निशुल्क शिक्षा दे रहे हैं, लेकिन सरकार शुल्क प्रतिपूर्ति का पैसा नहीं दे रही है। बीते चार साल से संबंधित विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्टेशनरी और स्कूल बैग आदि के लिए पैसा नहीं मिला है। किताबें तक नहीं मिल रही हैं। ऐसे में पढ़ाई व्यवस्था गड़बड़ा रही है। शुल्क प्रतिपूर्ति नहीं होने से स्कूल संचालक आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं, जो अपने शिक्षकों का मानदेय तक समय से नहीं दे पा रहे हैं। प्रदेश सचिव अमजद अली एवं जिला अध्यक्ष केपी सिंह ने बताया कि शिक्षा में सुधार के लिए सरकार को चाहिए कि वह मान्यता का सरलीकरण करे। महानगर अध्यक्ष गय्यूर आलम, महामंत्री हंस कुमार और महानगर प्रभारी अजय रावत ने कहा की सरकार निजी स्कूलों को अनुदानित करें तो हम शिक्षा के क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन कर देंगे।