नानौता। ग्राम काशीपुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक के निलंबन प्रकरण में अनुसूचित समाज के लोग निलंबित प्रधानाध्यापक के पक्ष में लामबंद हो गए हैं। उन्होंने पंचायत कर अपने बच्चों को स्कूल जाने से रोक दिया है।
क्षेत्र के गांव काशीपुर में पूर्व माध्यमिक विद्यालय से सरकारी किताबों को बेचने के मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा खंड शिक्षा अधिकारी नानौता की जांच के बाद प्रधानाध्यापक धारा सिंह को निलंबित कर दिया था। इसके बाद गांव के अनुसूचित समाज के लोगों ने निलंबित प्रधानाध्यापक धारा सिंह के पक्ष में पंचायत करते हुए अपने बच्चों को पूर्ण रूप से विद्यालय जाने से रोक दिया। वहीं अनुसूचित समाज के कुछ लोगों का कहना है कि बुधवार को कुछ बच्चे स्कूल गए तो उन्हें वहां मौजूद अध्यापकों द्वारा बाहर निकाल दिया। अनुसूचित समाज के लोगों का कहना है कि प्रधानाध्यापक को राजनीति के तहत षड्यंत्र रचकर फंसाया गया है। इस संबंध में कार्यवाहक प्रधानाध्यापक देवेंद्र सिंह ने बताया कि स्कूल से किसी बच्चे को अध्यापक द्वारा बाहर नहीं निकाला गया है। इस मामले से खंड शिक्षा अधिकारी को अवगत कराया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीष कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। शुक्रवार को मामले की जांच कराई जाएगी।