सहारनपुर। इलाज में लापरवाही बरतने और महिला सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी के साथ अभद्रता के आरोप में सरसावा सीएचसी प्रभारी को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से संबद्ध किया है। उनकी जांच के लिए सीएमओ ने दो स्वास्थ्य अधिकारियों की टीम गठित की है, जो पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट तीन दिन में सौंपेगी।
सरसावा के मोहल्ला बाजार निवासी भूपेंद्र सैनी का बेटा प्रिंस सैनी सड़क हादसे में घायल हो गया था। उसे घायल अवस्था में सरसावा सीएचसी ले जाया गया। बुधवार को इलाज के दौरान प्रिंस की मौत हो गई थी। इसको लेकर परिजनों ने प्रभारी पर लापरवाही का आरोप लगाया था। शुक्रवार को परिजन सीएमओ से मिले और कार्रवाई की मांग की। वहीं, महिला सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी ने भी प्रभारी पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है।
सीएचसी प्रभारी के खिलाफ सीएचओ ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन भी किया था। अब इन सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक ने सीएचसी सरसावा प्रभारी डॉ. राजेश शर्मा को कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। इसके साथ ही उनकी जांच के लिए डिप्टी सीएमओ डॉ. कुनाल जैन व एसीएमओ डॉ. धर्मवीर सिंह को नामित किया है। इन दोनों स्वास्थ्य अधिकारियों को पूरे प्रकरण की जांच कर तीन दिन में रिपोर्ट देनी है।
उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक ने बताया कि इलाज में लापरवाही व सीएचओ प्रकरण में सरसावा सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश शर्मा को कार्यालय से संबद्ध किया है। उनकी जांच के लिए दो स्वास्थ्य अधिकारियों की एक टीम गठित कर दी है।