सहारनपुर में देवबंद पुलिस ने सांपला खत्री गांव में एक मकान में छापेमारी कर चार गोवंश बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। जबकि दूसरा फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक गोवंश कटान के लिए लाया गया था। आरोपी उनके कटान की तैयारी कर रहे थे।
रविवार को कोतवाली पुलिस ने सांपला खत्री गांव में कल्लू के मकान में कटान के लिए गोवंश लाया गया है। कोतवाली के एसआई अजय प्रसाद गौड़ टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मकान की घेराबंदी कर ली।
वहां से पुलिस ने चार गोवंश बरामद किए। इस दौरान पुलिस ने सहारनपुर निवासी हसीन को गिरफ्तार कर लिया। जबकि मकान मालिक कल्लू फरार हो गया। अजय प्रसाद गौड़ के मुताबिक गोवंश कटान की पूरी तैयारी कर ली गई थी।
मौके से कटान के उपकरण भी बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया। जबकि फरार कल्लू की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, भाजपा नगर अध्यक्ष गजराज राणा ने आरोप लगाया कि पुलिस की मिलीभगत के चलते क्षेत्र में गोकशी की जा रही है।
गौरतलब है कि नगर के साथ ही क्षेत्र में अनेक जगह गोकशी की जाती है। जिसमें कहीं पुलिस की लापरवाही तो कहीं मिलीभगत पाई जाती है। इससे हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने रोष जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।