पशुपालकों को रखरखाव की जानकारी देते डाक्टर मनीष वर्मा
- फोटो : Amar Ujala
पशु पालन विभाग द्वारा टाबर गांव में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में पशुपालकों को पशुओं के रख-रखाव व टीकाकरण की जानकारी दी गई। मेले का शुभारंभ गौपूजन से किया गया। कार्यक्रम में पशु चिकित्साधिकारी डाक्टर मनीष वर्मा ने बताया कि सर्दी के मौसम में पशुओं की देखभाल बेहतर होनी चाहिए, क्योंकि सर्दी के कारण पशु बीमारी से ग्रस्त हो सकतें हैं।
उन्होंने पशुपालकों को पशुओं के नियमित टीकाकरण के प्रति भी जागरूक किया। साथ ही पशुओं के रखरखाव, कृत्रिम गर्भाधान, बांझपन, आदि बीमारियों के अलावा गोकुल मिशन योजना, पशुधन बीमा योजना व किसान क्रेडिट कार्ड के बारे में जानकारी देते हुए इनके फायदे गिनाए। इस दौरान करीब दो सौ पशुओं का निःशुल्क उपचार भी किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख सुभाष चौधरी व संचालन पशुधन प्रसार अधिकारी राजबीर सिंह ने किया। इस दौरान भाजपा के मंडल महामंत्री आजाद राणा, डाक्टर मोनिका शर्मा, डाक्टर आलोक सहरावत, पशुधन प्रसार अधिकारी राजबीर सिंह,सुलेख चंद,पैरावेट ललित कुमार के अलावा काफी संख्या में पशुपालक मौजूद रहे।