सास सरिता अपनी बहू शिवानी को फंसाना चाहती थी। बच्ची इशिका को मारने के बाद उसने ऐसा नाटक किया, जैसे शिवानी ने ही हत्या की है। शिवानी ने तहरीर में ससुर और ननद को भी आरोपी बनाया है।
कुतुबपुर कुसेनी गांव में मंगलवार रात मां के पास सो रही पांच माह की बच्ची इशिका की गला रेतकर हत्या कर दी गई। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण के अनुसार पूछताछ में सामने आया है कि इशिका की दादी सरिता पत्नी धर्मेंद्र ने ही हत्याकांड को अंजाम दिया है। वह इशिका की मां यानी अपनी बहू को झूठे केस में फंसाना चाहती थी। उससे पूछताछ चल रही है।
विज्ञापन
बच्ची के पिता राजन केरल में सैलून का काम करते हैं, वो फिलहाल वहीं पर हैं। मंगलवार रात घर के आंगन में राजन की पत्नी शिवानी अपनी बच्ची इशिका के साथ मच्छरदानी लगाकर सो रही थी। पास ही चारपाइयों पर इशिका की दादी सरिता, बुआ और परिवार के अन्य सदस्य लेटे थे।
बुधवार सुबह बच्ची खून से लथपथ थी और उसका गला कटा हुआ था। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, एसपी सिटी व्योम बिंदल, एएसपी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और जांच की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि बच्ची के गले पर ब्लेड से वार किया गया था। एसएसपी ने बताया कि सास-बहू की आपस में किसी बात को लेकर कहासुनी रहती है, जिसके चलते बहू को फंसाने के लिए दादी ने पोती की हत्या कर दी।
दादी ने पहले दबाया मुंह, फिर ब्लेड से रेता गला
कुतुबपुर कुसेनी में मासूम इशिका की हत्या करने वाली दादी सरिता ने जो घटनाक्रम बयां किया उससे पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस ने पूछा कि पोती को कैसे और क्यों मारा। आरोपी ने बताया कि वह कई दिनों से इसकी योजना बना रही थी। वह बहू को फंसाना चाहती थी।
बुधवार तड़के करीब चार बजे जब लगा कि सब गहरी नींद में हैं, तब ब्लेड उठाया और चारपाई के पास आकर सबसे पहले पोती का मुंह दबाया। इसके बाद धीरे से ब्लेड से गला रेत दिया। तब तक मुंह दबाकर रखा जब तक मासूम इशिका की सांसें नहीं थम गईं।
दिन निकलने पर जब इशिका की मां शिवानी ने उसे खून से लथपथ देखा तब आरोपी दादी ने ऐसा बर्ताव किया कि जैसे शिवानी ने ही अपनी बच्ची की हत्या कर दी हो। पुलिस के सामने भी शिवानी पर संगीन आरोप लगाए। बच्ची की मां ने दी तहरीर में बताया कि ससुर ने ब्लेड दिया, ननद खड़ी देख रही थी और सास ने गला काट दिया।