उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के नांगल थानाक्षेत्र में मीरपुर रेलवे फाटकर पर गन्ने से भरा ट्रैक्टर ट्रॉला फंस जाने के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। दरअसल, ट्रैक्टर-ट्रॉला फाटर पर फंसा था वहीं इसी दौरान पैसेंजर ट्रेन आ गई। जैसे तैसे चालक ने ट्रैक्टर को अलग किया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बजाज हिंदुस्थान शुगर मिल का गांगनौली के गन्ना क्रय केंद्र से एक ट्रैक्टर ट्राला गन्ने भरकर शुगर मिल जा रहा था। जैसे ही वह मीरपुर रेलवे फाटक क्रॉस करने लगा तभी ट्रैक्टर लाइन पर आकर फंस गया।
यह भी पढ़ें: Bijnor: घर में चल रही थीं शादी की तैयारी, एक दिन पहले प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन, थाने पहुंचा होने वाला दूल्हा
इसी बीच पुरानी दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली फास्ट पैसेंजर का देवबंद की ओर से आने का संकेत मिला। चालक ने ट्राले को निकालने का बड़ा प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
उधर, फाटकमैन फाटक को बंद करना चाहता था, लेकिन बीच में ट्रैक्टर आ रहा था। ट्रेन आती देख ट्रैक्टर चालक ने ट्राले का गुल्ला निकालकर ट्रैक्टर को अलग कर लिया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली और फाटक बंद कर ट्रेन को पास कराया। बाद में दूसरा ट्रैक्टर मंगा कर ट्रैक्टर ट्रॉले को निकलवाया गया।