एक डिग्री तापमान से कांप उठा सहारनपुर
सहारनपुर। पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ सर्द हवाओं के कारण सोमवार को शहर से देहात तक लोग ठंड से कांप उठे। जिले में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। यह इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। वहीं, सुबह से दोपहर तक शहर कोहरे की चादर में लिपटा रहा। ट्रेनों और बसों में सफर करने वाले यात्रियों को भी बहुत परेशानी हुई।
इतनी अधिक ठंड होने के कारण सोमवार को अलाव, गर्म कपड़ों के साथ अन्य इंतजाम भी कम पड़ गए। लोग घरों, कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों से लेकर प्रतिष्ठानों तक ठिठुरन महसूस करते रहे। सोमवार को दोपहर बाद कुछ देर के लिए धूप निकली। मगर सर्द हवाओं के आगे उसका भी कुछ असर नहीं रहा। सुबह से शाम तक हवा की गति 19 मीटर प्रति सेकंड से लेकर 23 मीटर प्रति सेकंड तक रही।
मौसम वैधशाला मिर्जापुर के प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस तक चला गया है। आने वाले तीन दिन में भी इतनी ही ठंड के आसार हैं। इसलिए सावधानी बरतने की जरूरत है।
कोहरे से प्रभावित रहीं ये ट्रेनें
-14511 नौचंदी एक्सप्रेस 22 घंटे से ज्यादा
- 15211 जननायक एक्सप्रेस सवा घंटे
- 22355 चंडीगढ़ सुपरफास्ट दो घंटे
- 14712 हरिद्वार इंटरसिटी एक्सप्रेस तीन घंटे
- 19020 देहरादून बांद्रा एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे
- 74021 दिल्ली सहारनपुर डीईएमयू दो घंटे
- कुछ अन्य ट्रेनें भी एक से दो घंटे की देरी से पहुंची।
पिछले 10 दिन में इस तरह बदला तापमान
तिथि---------------न्यूनतम------अधिकतम
21 दिसंबर----------07------------19 डिग्री सेल्सियस
22 दिसंबर----------06------------22 डिग्री सेल्सियस
23 दिसंबर----------05------------17 डिग्री सेल्सियस
24 दिसंबर----------06------------17 डिग्री सेल्सियय
25 दिसंबर----------4.5-----------9.5 डिग्री सेल्सियस
26 दिसंबर-----------04-----------11 डिग्री सेल्सियस
27 दिसंबर-----------04-----------16 डिग्री सेल्सियस
28 दिसंबर-----------03------------9.2 डिग्री सेल्सियस
29 दिसंबर----------3.5------------12 डिग्री सेल्सियस
30 दिसंबर----------1.0------------11 डिग्री सेल्सियस
सहारनपुर में ठिठुरती ठंड और कोहरे में अपने कार्य को जाते लोग- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर में ठिठुरती ठंड और कोहरे में जाती ट्रेन- फोटो : SAHARANPUR