गांव महेश्वरी कलां निवासी मोहम्मद तारिक की शिकायता पर एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई की। राजस्व निरीक्षक प्रदीप कुमार को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कृषि भूमि की पैमाइश करने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगने पर एंटी करप्शन टीम ने राजस्व निरीक्षक प्रदीप कुमार को गिरफ्तार किया है। बुधवार को तहसील सदर परिसर स्थित लेखपाल कार्यालय के कक्ष नंबर 12 में ट्रैप की कार्रवाई की गई। आरोपी राजस्व निरीक्षक के खिलाफ कोतवाली सदर बाजार में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
विज्ञापन
Trending Videos
चिलकाना थाना क्षेत्र के गांव महेश्वरी कलां निवासी मोहम्मद तारिक ने पुलिस लाइन स्थित एंटी करप्शन थाने में 16 अक्तूबर को शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि राजस्व निरीक्षक प्रदीप कुमार उनसे कृषि भूमि की पैमाइश करने के बदले 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। इसके बाद एंटी करप्शन की टीम ने मामले की जांच और राजस्व निरीक्षक को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
बुधवार को निरीक्षक कुशलवीर सिंह के नेतृत्व में टीम सदर तहसील परिसर पहुंची। दोपहर करीब 1:55 बजे आरोपी राजस्व निरीक्षक प्रदीप कुमार को लेखपाल कार्यालय के कक्ष नंबर 12 से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। उसे कोतवाली सदर बाजार लाया गया, जहां प्राथमिकी दर्ज कराई।
आरोपी राजस्व निरीक्षक प्रदीप कुमार की नियुक्ति अप्रैल 1991 में हुई थी। वह मूल रूप से नकुड़ तहसील के गांव झबीरन का रहने वाला है और वर्तमान में पेपर मिल रोड पर ब्रह्मपुरी कॉलोनी में रह रहा था। मामले की जांच निरीक्षक मुकेंद्र कुमार करेंगे।
एंटी करप्शन की कार्रवाई...10 माह में पकड़े 12 घूसखोर, रडार पर सरकारी कर्मचारी
10 माह के दौरान 12 सरकारी कर्मचारी ट्रैप टीम के हत्थे चढ़ चुके हैं। इनमें अवर अभियंता, लेखपाल और दरोगा तक शामिल हैं। थानों से लेकर विद्युत निगम, राजस्व विभाग, सहारनपुर विकास प्राधिकरण की सबसे ज्यादा शिकायतें हैं। हर विभाग के कर्मचारियों की शिकायतें मिलती हैं, जो एंटी करप्शन विभाग के रडार पर हैं। वर्दीधारी भी शामिल हैं। 15 से अधिक अधिकारी व कर्मचारी ऐसे हैं, जिनकी आय से अधिक संपत्ति की जांच चल रही है। इनके अलावा कुछ कर्मचारी ऐसे भी हैं, जिनकी शिकायत मिल रही है और वे एंटी करप्शन की रडार पर हैं। उधर, एंटी करप्शन निरीक्षक कुशलवीर सिंह ने बताया कि जिसके खिलाफ शिकायत मिलती है, उस पर कार्रवाई होती है।