गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के इटावा गांव से कुतुबशेर क्षेत्र के उनाली गांव में बारात आई थी। इसी दौरान हाथापाई होने पर चिलकाना रोड स्थित वर्धमान कॉलोनी निवासी महीपाल की तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
सहारनपुर के थाना कुतुबशेर क्षेत्र के गांव उनाली में मोबाइल फोन छीनने पर दूल्हे के मौसा से मारपीट कर दी गई। इससे उनके सीने में दर्द हो गया। हालत बिगड़ने पर उनकी मौत हो गई। परिजनों ने कुछ युवकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव इटावा निवासी श्यामलाल के बेटे अनुज की शादी बृहस्पतिवार को कुतुबशेर क्षेत्र के गांव उनाली में हुई थी। बरात में वर्धमान कॉलोनी निवासी महीपाल (45) भी शामिल हुए थे, जो रिश्ते में दूल्हे के मौसा लगते हैं। शादी समारोह के दौरान दोनों पक्षों के लोग खाना खा रहे थे। इसी बीच कुछ युवकों ने मजाक करते हुए महीपाल का मोबाइल फोन उठा लिया। फोन वापस लेने को लेकर महीपाल और युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। दोनों पक्षों में छीनाझपटी, धक्का-मुक्की और हाथापाई होने लगी।
परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान महीपाल के सीने पर लात-घूंसे मारे गए। परिजनों ने उन्हें पास के एक निजी चिकित्सक के यहां दिखाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। आरोप है कि देर रात उनकी तबीयत अचानक फिर बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए। इसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। शुक्रवार सुबह उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के भतीजे राजवीर सैनी ने आरोप लगाया कि बरात में मौजूद कुछ युवकों की मारपीट के कारण ही महीपाल की जान गई।
महीपाल के एक बेटा-बेटी
महीपाल की मौत से परिवार में खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक के एक बेटा और एक बेटी है। बेटी की शादी हो चुकी है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिया।
ये बोले एसपी
मोबाइल फोन छीनने को लेकर विवाद हुआ था। अभी पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह पता चलेगी। उसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। - व्योम बिंदल, एसपी सिटी