गंगोह पुलिस ने नशीले पदार्थ की तस्करी में शामिल दपंती को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 580 ग्राम स्मैक, स्मैक में मिलाने वाला 310 ग्राम सफेद पाउडर, तमंचा, पांच कारतूस, नकदी, बाइक बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद स्मैक की कीमत करीब 58 लाख रुपये है।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर गश्त के दौरान पशु पैठ तिराहे के पास दबिश देकर गांव बाढ़ी माजरा निवासी अमजद और उसकी पत्नी मुसर्रत को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उनके पास से उक्त के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 33500 रुपये, दो मोबाइल फोन और गहनों से भरा बैग बरामद हुआ है। पूछताछ में आरोपी पति-पत्नी ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण अधिक मुनाफे के लालच में वह स्मैक की तस्करी में संलिप्त हो गए।
वह सस्ते दामों पर स्मैक खरीदकर आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। कई बार जिन लोगों के पास पैसे नहीं होते थे, उनसे जेवरात गिरवी रखवाकर नशा उपलब्ध कराते थे। पकड़ी गई नकदी भी उन्होंने नशा बेचकर अर्जित करना स्वीकार किया है। वह सुरक्षा के लिए तमंचा भी साथ रखते थे। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने स्मैक कहां से प्राप्त की और इसे किन-किन लोगों को बेचा या आगे सप्लाई किया।