पीईटी देकर आते अभ्यर्थी। सांकेतिक तस्वीर।
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर जिले में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के दौरान रविवार को रेनबो स्कूल में पहली पाली में एक अभ्यर्थी पकड़ा गया। वह जन्मतिथि छिपाकर परीक्षा दे रहा था। उसे बायोमेट्रिक मिलान के दौरान पकड़ा गया। इस मामले में अभ्यर्थी के खिलाफ रामपुर मनिहारान थाने में केस दर्ज हुआ है।
रविवार को दिल्ली रोड स्थित परीक्षा केंद्र रेनबो स्कूल में प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक हुई थी। सभी अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक जांच की जा रही थी। कक्ष नंबर-19 में जीते प्रधान निवासी गांव सकौती जिला मेरठ के नाम से एक व्यक्ति परीक्षा दे रहा था। जांच के दौरान ग्रुप सी के नितिन निवासी गांव टिकोला जिला हरिद्वार को शक हुआ।
बायोमेट्रिक मिलान में पाया गया कि परीक्षा दे रहा व्यक्ति गुरनाम सिंह पुत्र विजय पाल सिंह है, जो उसी पते का निवासी है। इतना ही नहीं दस्तावेजों की जांच में अभ्यर्थी की दो अलग-अलग जन्मतिथि मिलीं। एक दो मई 1995 और दूसरी 21 जनवरी 1996 सामने आई। अभ्यर्थी को पकड़ लिया। इससे फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई।
आरोप है कि अभ्यर्थी ने धोखाधड़ी कर परीक्षा में प्रवेश किया। इस मामले में स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता मुरारी लाल ने अभ्यर्थी के खिलाफ रामपुर मनिहारान थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
ये बोले एसएसपी
बायोमेट्रिक जांच के दौरान अभ्यर्थी को पकड़ा गया। अभ्यर्थी के खिलाफ रामपुर मनिहारान थाने में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
- आशीष तिवारी, एसएसपी