सहारनपुर के बिहारीगढ़ क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर एक अधेड़ का शव यूकेलिप्टस के पेड़ से लटका मिला। मृतक के परिजनों ने हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की आशंका जताई है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।
सहारनपुर के बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर गांव मनोहरपुर स्थित रेस्ट एरिया के पास सोमवार सुबह एक अधेड़ का शव यूकेलिप्टस के पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन
परिजनों ने लगाया हत्या कर शव लटकाने का आरोप
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 50 वर्षीय राजवीर सिंह निवासी बादशाहपुर के रूप में हुई है। उनकी पहचान बड़े भाई सौतम सिंह ने की। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि राजवीर सिंह की हत्या करने के बाद शव को पेड़ से लटका दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।