जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना सैयद अरशद मदनी ने भाजपा नेता के आवास पर हुए होली मिलन कार्यक्रम में कहा कि हम सब एक मां बाप की औलाद हैं। हमें आपसी भाईचारे के साथ रहना चाहिए और मजहब से ऊपर उठकर इंसानियत का पैगाम देना चाहिए।
विज्ञापन
सहारनपुर में सोमवार को भायला गांव स्थित भाजपा नेता कर्नल राजीव के आवास पर आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में पहुंचे मौलाना अरशद मदनी ने आपसी भाईचारे पर जोर देते हुए कहा कि हमारी हजारों साल पुरानी गांव-गांव में प्यार के साथ रहने वाली जो तारीख है, उसे जिंदा करना चाहिए। आज जो लोग फिरकापरस्ती की ईंट रख कर नफरत पैदा कर कर रहे हैं, हमें उनकी साजिशों को नाकाम करना होगा।
मौलाना मदनी ने कहा कि मजहब से ऊपर उठकर इंसानियत की बुनियाद पर एक-दूसरे से मिलन होना चाहिए। यही वे बुनियाद होगी, जिससे मुल्क में आपसी भाईचारा पैदा होगी। उन्होंने कहा कि आपसी मेल मिलाप को छोड़कर नफरत को पैदा करना यह देश की तरक्की नहीं बल्कि मुल्क को पीछे धकेलेगा।
कर्नल राजीव ने कहा कि उनके बुलावे पर मौलाना अरशद मदनी होली मिलन कार्यक्रम में आए यह उनके लिए बड़े गर्व की बात है। उन्होंने कहा इस तरह से एक-दूसरे के त्योहार में शामिल होने से ही भाईचारा बढ़ेगा।