गुरुवार को अमर उजाला का चुनावी रथ सहारनपुर पहुंचा। यहां प्रताप मार्केट में चाय के साथ चुनावी चर्चा हुई। इस दौरान संजय बंसल ने कहा कि ब्लैक मनी को जेनरेट करने की जो प्रक्रिया है वह काफी हद तक कम हुई। लेकिन, भ्रष्टाचार अभी भी हावी है, जिस पर अंकुश लगाने की आवश्यकता है।
डॉ. पंकज खन्ना ने कहा कि कोरोना काल में वैक्सीन अमृत बनकर मिली थी। जो काम 70 वर्ष में नहीं हुआ था, वह 10 सालों में कर दिखाया। जनता उसी को वोट देगी, जो सुरक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार की समस्या से निजात दिलाएगा।
चौधरी माईदयाल मित्तल कहते हैं कि डबल इंजन की सरकार में भय का माहौल खत्म हुआ है। अब महिलाएं व बेटियां सुरक्षित महसूस करती हैं। यह अब तक किसी सरकार में नहीं हुआ है।
अमित गुप्ता, डॉ. एके बंसल, शील गाेयल व राकेश मित्तल ने कहा कि उम्मीद है कि जो भी सरकार बनेगी, वह जनता से किए वादों पर खरा उतरेगी। कानून व्यवस्था सुधरी है। अब पुलिस प्रशासन अलर्ट रहता है। उन्होंने यह भी कहा कि जनसंख्या का सबसे बड़ा मुद्दा है, जिस पर काम होना बहुत जरूरी है।