ठेके से घर जाने के लिए निकला था लोकेश
बताया गया कि लोकेश शुक्रवार रात शराब के ठेके से अपने गांव जाने के लिए निकला था। शनिवार सुबह राहगीरों ने सिडकी-लाखनौर मार्ग पर सैदपुर मोड़ के पास सड़क किनारे उसका शव पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। घटनास्थल पर लोकेश की बाइक भी पड़ी मिली।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, परिजनों ने लगाया जाम
घटना की सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। बाद में परिजनों ने शव के पास एक देसी तमंचा और मृतक का मोबाइल फोन मिलने की बात कही। परिजनों ने फॉरेंसिक टीम पर जांच में लापरवाही का आरोप लगाया और सिडकी मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया।
हत्या की आशंका में प्राथमिकी, कई पहलुओं पर जांच
सीओ देवबंद अमित सिंह ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई अंकित कुमार की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।