देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव बेहड़ेकी में 85 वर्षीय प्रभा देवी हत्याकांड का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पोते नितिन ने ही प्रभा देवी की हत्या की थी। पूछताछ में सामने आया कि वह दादी से खर्च के लिए 10 हजार रुपये मांग रहा था, लेकिन उसे रुपये नहीं मिल रहे थे। इसी वजह से आरोपी ने रस्सी से गला दबाकर दादी की हत्या कर दी थी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि देहात कोतवाली के गांव बेहड़ेकी में 24 अक्तूबर को प्रभा देवी का शव घर में चारपाई पर मिला था। गले पर चोट के निशान थे। मृतका के बड़े पोते आयुष ने तहरीर देकर अपने छोटे भाई नितिन के खिलाफ हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया।
सोमवार को पुलिस टीम ने दाबकी जुनारदार रोड पर निर्माणाधीन पुल के पास से हत्यारोपी नितिन को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी भी बरामद की है।
पांच दिन से मांग रहा था 10 हजार रुपये
पूछताछ में आरोपी नितिन ने बताया कि उसके पिता का निधन हो चुका है। वह अपनी मां, भाई और दादी के साथ रहता है। खर्च पूरा करने के लिए मजदूरी करता था। दादी ने करीब चार महीने पहले 27 लाख में जमीन बेची थी। दादी ने 20 लाख रुपये की दुकान अपने नाम से खरीदी थी। बाकी सात लाख रुपये बड़े भाई आयुष को दे दिए थे।
दादी दुकान भी आयुष के नाम करने वाली थीं। इस बात को लेकर वह नाराज था। दो पोते होने के बावजूद संपत्ति और रुपये बड़े भाई को ही दिए जा रहे हैं। उसे अपने खर्चों के लिए रुपये चाहिए थे। वह पांच दिन से दादी से 10 हजार रुपये मांग रहा था, लेकिन उसे रकम नहीं मिल रही थी।
कमरे में अकेली थीं दादी, रस्सी से दबाया गला
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 24 अक्तूबर सुबह करीब 11 बजे जब उसकी दादी घर में अकेली थीं, तब वह उनके पास पहुंचा। 10 हजार रुपये मांगे। दादी ने रुपये नहीं होने और रकम आयुष को देने की बात कही। उस समय दादी अंदर के कमरे में चारपाई पर लेटी थीं। इसी दौरान गुस्से में आकर प्लास्टिक की रस्सी से गला दबा दिया। इसके बाद रस्सी साथ लेकर वह चला गया। घटना के बाद वह देहरादून चौक पहुंचा और शराब पी। इसके बाद वह दाबकी जुनारदार गांव के पास पहुंचा और खेत में सो गया। उसने हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी भी वहीं फेंक दी थी।