उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में किसानों ने बिजली कटौती को लेकर धरना प्रदर्शन किया। भयकंर गर्मी के चलते बिजली कटौती को लेकर किसान बड़गांव बिजली घर पर धरने बैठ गये। किसानों ने मौके पर मौजूद विद्युत कर्मियों को अपने बीच कड़ी धूप में बैठा लिया और विभाग के उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे।
भयंकर गर्मी में बिजली कटौती के चलते किसान की फ़सले सूखने की कगार पर पहुंच गई है। इससे गुस्साए कातला, दल्हेडी,मियानगी, चंदपुर,झबीरन के किसानों ने बुधवार को बिजली घर पहुंच कर धरने पर बैठ गये।
किसानों ने विद्युत कर्मियों को भी धूप में अपने बीच धरने पर बैठा लिया और मौके पर उच्चाधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगे। किसानों का कहना था कि भीषण गर्मी में सिंचाई न होने के कारण खेतों में खड़ी फसलें सुखने की कगार पर है। निजी नलकूपों पर तीसरे दिन पावर में बिजली सप्लाई हो रही है। उसमें भी घंटों की कटौती से फसलों की सिंचाई करना दुश्वार हो गया है।
इस मौके पर विनोद कुमार, पूर्व प्रधान सोनू राणा , विरेंद्र सिंह, अंनगपाल, पूर्व प्रधान समयसिंह, कुलदीप,नाथी चौहान सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। समाचार लिखे जाने तक विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच पाया था। पुलिस ग्रामीणों को समझा बुझा रही थी लेकिन किसान टस से मस नही हो रहे थे।