उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में नागल स्टेट हाईवे पर महिला आपात सेवा डायल 102 की गाड़ी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसमें सवार प्रभारी सहित चालक परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
महिला आपात सेवा डायल 102 को मंगलवार रात 9:30 बजे खेड़ा मुगल क्षेत्र के गांव बिलासपुर में आपात सेवा के लिए सूचना प्राप्त हुई। डायल 102 के प्रभारी जितेंद्र कुमार, चालक ओमवीर सिंह एवं परिचालक विमल कुमार सूचना के आधार पर नागल से स्टेट हाईवे होते हुए बिलासपुर के लिए निकले।
जैसे ही उन्होंने गांव खजूरवाला के निकट ओवरब्रिज पार किया तो उनकी भिड़ंत एक ट्रक से हो गई। इसमें तीनों लोग घायल हो गए। डायल 102 की गाड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवेश कुमार ने बताया कि घटना की तहरीर उनके पास नहीं आई है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।