- कार्यक्रम के दौरान एक साइड की सड़क को रोका
बजरंगदल और विहिप कार्यकर्ता भगवा झंडे लेकर पहुंचे
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने देहरादून चौक पर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके साथ ही कांग्रेस नेताओं और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने वालों को सदबुद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की।
मंगलवार देर शाम विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हनुमत शक्ति जागरण कार्यक्रम के तहत देहरादून चौक पर सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। प्रांत कार्याध्यक्ष जयपाल सिंह ने कहा कि कांग्रेस और कुछ हिंदू विरोधी नेता बजरंग दल की तुलना देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने वाले पीएफआई सहित अनेक देशद्रोही संगठनों से कर रहे हैं, जबकि बजरंगल देशभक्त संगठन है। हिंदू समाज निश्चित रूप से इस तरह के अपमान का लोकतांत्रिक रूप से जवाब देगा।
विभाग अध्यक्ष शिव कुमार गौड़ ने कहा कि इन सारे नेताओं को क्यों नहीं दिखता कि बजरंगदल देश भर में गो-रक्षा, कन्या रक्षा, रक्तदान, मठ मंदिर व धर्म रक्षा के साथ धर्मांतरण रोकने जैसे अनेक प्रकार के सेवा कार्यों में लगा है।
इस दौरान प्रांत प्रचार विभाग सदस्य रमेश चंद शर्मा, महानगर अध्यक्ष सुनील मित्तल, महानगर मंत्री अनुज शर्मा, अभिषेक पंडित, आलोक, सागर भारद्वाज, शक्ति, शानू, दीपक, संदीप, तरस, कमल, राहुल, आर्यन, नितिन, शिवम, प्रतीक, रोबिन मौजूद रहे। वहीं, सड़क पर हनुमान चालीसा पाठ करने से कुछ देर के लिए जाम लगा। यातायात और थाना जनकपुरी पुलिस ने व्यवस्था सुचारू कराई।