शुक्रवार की सुबह सात बजे फतेहपुर कलसिया मार्ग पर गांव मांडुवाला पुल के पास गेल्हेवाला के रास्ते पर लघु शंका करने नीचे उतरे ग्रामीण ने सड़क किनारे खाई में एक शव और बाइक पड़ी देखी तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पर एसओ फतेहपुर प्रमोद रावल और सीओ सदर नीरज सिंह मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम भी बुलाई गई।
मृतक की जेब में मिले मोबाइल और कागजों के आधार पर उसकी शिनाख्त सचिन के रूप में हुई। इसके बाद परिजनों को खबर की गई। जांच-पड़ताल के बाद शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
एसओ प्रमोद रावल ने बताया कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। बाइक भी क्षतिग्रस्त हालत में मौके पर मिली है। जिस जगह हादसा हुआ, वहां तेज घूम हैं और जिस पेड़ से बाइक टकराई उस पर भी टकराने का निशान बना है। शव का पैनल की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराते हुए पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। यदि कुछ संदिग्ध आता है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।