भाजपा नेता योगेश रोहिला ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों को गोली से उड़ा दिया था। पुलिस ने चार्जशीट पेश करते 20 गवाहों और सबूतों का जिक्र किया है। साथ ही जल्द सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट में केस चलाने की मांग की है।
सहारनपुर जनपद के गंगोह थाना क्षेत्र के गांव सांगाठेड़ा में हुए दिल दहला देने वाले चौहरे हत्याकांड में पुलिस ने अपनी जांच पूरी करते हुए आरोपी भाजपा नेता योगेश रोहिला के खिलाफ 150 पन्नों से अधिक की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी है। यह हत्याकांड उत्तर प्रदेश के हालिया इतिहास में सबसे वीभत्स पारिवारिक हत्याओं में से एक माना जा रहा है, जिसमें एक व्यक्ति ने न केवल अपनी पत्नी की बल्कि अपने तीन मासूम बच्चों की भी गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी थी।
विज्ञापन
अपनी पत्नी नेहा, बेटी श्रद्धा, बेटों देवांश एवं शिवांश की हत्या के आरोपी भाजपा नेता योगेश रोहिला के खिलाफ दर्ज इस चार्जशीट में करीब 20 अहम गवाहों के बयान, फोरेंसिक साक्ष्य, आला-ए-कत्ल की बरामदगी, मृतकों के शरीर से बरामद गोलियों और पिस्टल का मिलान जैसे तकनीकी सबूत भी शामिल किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने चार्जशीट में बताया है कि आरोपी योगेश रोहिला ने हत्या से पहले मानसिक असंतुलन का बहाना बनाना शुरू कर दिया था, ताकि अदालत में खुद को बेकसूर दिखाया जा सके, लेकिन जांच में यह साबित हुआ कि यह पूरी योजना पहले से रची गई थी और मानसिक तनाव की कहानी महज बचाव की रणनीति थी।
चार्जशीट में इस बात का विशेष उल्लेख है कि योगेश रोहिला राजनीति में एक बड़ी भूमिका चाहता था। उसे लगने लगा था कि उसका परिवार उसके राजनीतिक कॅरिअर में बाधा बन रहा है। इसी भ्रम में उसने यह घिनौनी साजिश रची। पुलिस ने इसे पॉलिटिकल साइकोपैथी जैसा कृत्य माना है।
फास्ट ट्रैक में सुनवाई कराने की सिफारिश
पुलिस विभाग ने इस मामले की गंभीरता और समाज पर इसके दुष्प्रभाव को देखते हुए इसकी सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की सिफारिश की है। अधिकारियों का कहना है कि योगेश रोहिला को कड़ी से कड़ी सजा दिलाना अब केवल कानूनी नहीं, बल्कि सामाजिक और नैतिक उत्तरदायित्व भी है। पुलिस अब उसे उसके अंजाम तक पहुंचाने के लिए मजबूती से पैरवी करेगी। उसका मुकदमा फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की सिफारिश भी पुलिस की ओर से की जाएगी।
यह था मामला
गंगोह के गांव सांगाठेड़ा निवासी भाजपा नेता योगेश रोहिला ने 22 मार्च को अपनी लाइसेंसी पिस्टल से पत्नी नेहा, बेटी श्रद्धा और बेटो देवांश एवं शिवांश की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। अपने ही घर मे अपने पूरे परिवार को मौत के घाट उतारकर उसने पुलिस को फोन करके कहा था कि मैने पत्नी बच्चों को मार दिया है, आकर उठा लो। इसके बाद पुलिस ने उसे आला ए कत्ल सहित गिरफ्तार कर लिया था।