नागल के नाई नगला गांव निवासी एक युवक ने अपनी छोटी बहन पर चाकू से 14 वार किए। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक ने एक सप्ताह पहले चाकू खरीदा था और घटना को अंजाम देने के लिए मौके की तलाश में था।
दीपक का भाई अभिषेक सोमवार को किसी काम को लेकर घर से बाहर गया था। तभी उसने घर में मौजूद अपनी छोटी बहन अनिका से गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने बहन के साथ मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए अनिका घर से भागने लगी, लेकिन दीपक ने उसका पीछा कर चाकू से ताबड़तोड़ करीब 14 वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल होकर अनिका लहूलुहान होकर गिर पड़ी।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल अनिका को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बनी है। घटना के बाद भी आरोपी दीपक मौके से नहीं भागा। पुलिस के पहुंचने तक वह घटनास्थल पर ही बैठा रहा। पुलिस ने हत्या के प्रयास में इस्तेमाल चाकू समेत उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के चेहरे पर किसी प्रकार का पछतावा दिखाई नहीं दिया। जांच में सामने आया कि बहन के एक रिश्तेदार से बातचीत करने पर आपत्ति थी। इसी बात को लेकर लंबे समय से गुस्से में था। पुलिस का मानना है कि चाकू पहले से खरीदकर लाना इस बात का संकेत है कि वारदात पूर्व नियोजित थी।
ये बोले सीओ
घायल युवती के भाई अभिषेक की तहरीर पर आरोपी दीपक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
- अभितेष सिंह, सीओ देवबंद
ये भी देखें...
UP: पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती हुईं बीमार, हरिद्वार से दिल्ली लौटते समय मुजफ्फरनगर में बिगड़ी तबीयत