देहात कोतवाली क्षेत्र के जनता रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से बाइक टकरा गई। हादसे में खुर्द गांव निवासी अलबाब (24) ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि उसके दोस्त शाहरुख (28) की जिला अस्पताल में मौत हो गई। परिजन दोनों शवों को बिना कानूनी कार्रवाई ले गए और सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
थाना जनकपुरी क्षेत्र के गांव खुर्द निवासी अलबाब अपने दोस्त शाहरुख के साथ बाइक से बुधवार सुबह सरकड़ी शेख की ओर जा रहा था। मढ़ तिराहे के पास बाइक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। बाइक को अलबाब चला रहा था, जबकि शाहरुख पीछे बैठा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में अलबाब की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शाहरुख को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
पता लगते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पुलिस को किसी तरह की तहरीर देने और कानूनी कार्रवाई कराने से इन्कार कर दिया। बाद में परिजन दोनों युवकों के शवों को लेकर गांव पहुंचे, जहां सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
शाहरुख को आठ दिन पहले हुआ था बेटा
शाहरुख की शादी हो चुकी थी। उसके दो छोटे बच्चे हैं। बेटी दो साल की है, जबकि आठ दिन पहले ही उसके बेटे का जन्म हुआ था। हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। अलबाब और शाहरुख दोनों मजदूरी कर अपने-अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। दो भाइयों में शाहरुख बड़ा है, जबकि अलबाब तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
ये बोले सीओ
ट्रैक्टर-ट्रॉली में बाइक पीछे से टकराई है, जिससे हादसा हुआ है। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई करने से मना कर दिया था, जिसके बाद परिजन शवों को ले गए।
- मनोज कुमार यादव, सीओ द्वितीय