सहारनपुर जनपद के गंगोह में दिनदहाड़े सराफा व्यापारी की दुकान में चोर घुस गया। चोर ने काउंटर का शीशा उतार कर उसमें रखे करीब एक लाख रुपये कीमत के चांदी के गहने साफ कर दिए। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरें में कैद हो गई है। वहीं पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला छत्ता निवासी सराफा व्यापारी बृजभूषण गोयल की घर के समीप ही भारत ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। उन्होंने दुकान में रखे काउंटर में चांदी के गहने सजा रखे थे। उन्होंने बताया कि वह दुकान से कुछ काम के लिए गए थे। इसी बीच एक युवक वहां आया और पड़ोसी से दुकानदार के बारे में पूछा। उस वक्त पड़ोसी दुकानदार पूजा कर रहा था, उसने कोई जवाब नहीं दिया।
इसके बाद युवक सराफा की दुकान के बाहर बैठ गया। कुछ देर बाद मौका लगाकर वह दुकान में घुस गया और काउंटर का शीशा उतार कर चांदी के जेवर चोरी करके फरार हो गया। हालांकि यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
यह भी पढ़ें: गजब हाल: पूर्व मंत्री याकूब की सील फैक्टरी पर बैंक ने दिया नौ करोड़ का लोन, हर कोई हैरान, जानें पूरा मामला